धनबाद के गोविंदपुर क्षेत्र स्थित न्यू आकाशकिनारी कोलियरी के समीप मंगलवार देर रात भू-धंसान की बड़ी घटना हुई। अचानक जमीन धंसने से करीब पांच मकान सामान सहित जमींदोज हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोग समय रहते अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से उचित मुआवजा, सुरक्षित पुनर्वास और स्थायी समाधान की मांग की है। फिलहाल, भू-धंसान के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में डर और नाराजगी बनी हुई है।

