पाकुड़। स्वतंत्रता दिवस से पहले नगर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बेहतर करने के लिए नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा की अध्यक्षता में सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधान सहायक देवाशीष बर्मन, कनीय अभियंता सुमन कुमार, वार्ड पार्षद अनिकेत गोस्वामी, विमल चंद्र राउत, राजा अंसारी, रियाज अंसारी सहित बिजली मिस्त्री और विद्युत परिवेक्षक मौजूद थे। राणा ओझा ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधा देना

प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइटों का चालू रहना सुरक्षा और यातायात के लिए जरूरी है। सर्वसम्मति से तय हुआ कि 15 अगस्त से पहले सभी खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक कर चालू की जाएंगी। जहां लाइटें अनुपयोगी हैं वहां नई लाइटें लगाई जाएंगी। बैठक में मिस्त्रियों ने सुरक्षा उपकरण की मांग रखी, जिस पर आवश्यक सुरक्षा किट खरीदने का निर्णय लिया गया। राणा ओझा ने अधिकारियों को सभी वार्डों में प्राथमिकता से काम पूरा करने का निर्देश दिया।
