आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या-29 स्थित बोहाल बाजार में आधुनिक अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (यू-एच एंड डब्ल्यूसी) के निर्माण कार्य का शुभारंभ सोमवार को किया गया। परियोजना का शिलान्यास आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी एवं वार्ड पार्षद गौरव गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। नगर निगम की इस परियोजना के तहत लगभग 34.69 लाख रुपये की अनुमानित लागत से स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाएगा, जबकि निर्माण कार्य का जिम्मा आर.एस. कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है। विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना

सरकार की प्राथमिकता है। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से स्थानीय लोगों को प्राथमिक उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित कई आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। पार्षद गौरव गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना से बोहाल बाजार एवं आसपास के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा तथा छोटी-छोटी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

