जामुड़िया इलाके स्थित ईसीएल के केंदा क्षेत्र अंतर्गत न्यू केंदा कोलियरी के ईस्ट केंदा ओड़िया पाड़ा में रविवार शाम क्रिकेट खेलते समय नौ वर्षीय बालक करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। घायल बालक की पहचान उपेंद्र यादव के पुत्र पियूष यादव (9) के रूप में हुई है। हादसे में उसके दाहिने हाथ की हथेली तथा चेहरे का कुछ हिस्सा झुलस गया। परिजनों ने उसे तत्काल बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। घायल बच्चे की मां पिंकी देवी ने बताया कि खेल के दौरान गेंद पकड़ने के प्रयास में पियूष का हाथ खुले बिजली के तार से छू गया, जिससे उसे तेज करंट लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। उनका आरोप है कि ईसीएल द्वारा तालाब निर्माण के लिए मिट्टी खोदे जाने के कारण वहां ऊंचा टीला बन गया है, जिससे बिजली का तार लोगों की पहुंच के काफी करीब आ गया है।

उन्होंने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए ईसीएल की लापरवाही को हादसे का कारण बताया। भाजपा नेता रुपेश यादव ने कहा कि कुछ दिन पूर्व इसी क्षेत्र में करंट लगने से एक युवक की मौत हुई थी और उसके कुछ ही दिनों बाद फिर एक बच्चा करंट की चपेट में आ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसीएल प्रबंधन की उदासीनता के कारण स्थानीय लोगों को असुरक्षित माहौल में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। घटना के बाद सोमवार सुबह ईसीएल ने एहतियात के तौर पर ईस्ट केंदा कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बंद कर दी तथा तालाब निर्माण के दौरान बने मिट्टी के टीले को समतल करने का कार्य शुरू कराया, ताकि बिजली के तार लोगों की पहुंच से दूर रहें और भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

