सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर रेलवे कॉलोनी स्थित नगेंद्रनाथ शिव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर जलाभिषेक किया। पूजा के दौरान महिलाओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने

पूरे श्रद्धाभाव के साथ शिव आराधना कर सावन के पहले सोमवार का पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामूहिक पूजा का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं एवं युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल और उत्साह का दृश्य देखने को मिला। पूजा के सफल आयोजन में राजेश कुमार, विकास साहा, जगन्नाथ कर्मकार व उदय चौधरी ने भूमिका निभाई।

