पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली स्थित उनके आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कथित तौर पर चाकू से हमला करने की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, प्रेस वार्ता के बीच एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर मंच की ओर बढ़ा और पप्पू यादव के करीब पहुंच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और समर्थकों ने तुरंत उसे पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इसके बाद हमलावर की लोगों ने पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना में पप्पू यादव सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि हमलावर कौन है, उसका मकसद क्या था और उसने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

