जामुड़िया तपसी साइडिंग में भुगतान पर ‘कट मनी’ का आरोप

जामुड़िया तपसी साइडिंग में भुगतान पर ‘कट मनी’ का आरोप

जामुड़िया के तपसी रेलवे साइडिंग में कोयला एवं अन्य कच्चे माल के परिवहन से जुड़े भुगतान को लेकर विवाद गहरा गया है। डंपर मालिकों और चालकों ने आरोप लगाया है कि कई ट्रांसपोर्ट कंपनियां समय पर भुगतान नहीं कर रही हैं तथा शीघ्र भुगतान के बदले 6 से 10 प्रतिशत तक कथित “कट मनी” की मांग की जा रही है। उनका यह भी आरोप है कि बिना कटौती के भुगतान लेने पर कई महीनों तक इंतजार करना पड़ता है।
वाहन मालिकों के अनुसार, साइडिंग में कार्यरत कुछ ट्रांसपोर्ट कंपनियों द्वारा भुगतान में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। वहीं एक कंपनी पर करीब 70 लाख रुपये का भुगतान लंबित होने का भी आरोप लगाया गया है। भुगतान नहीं मिलने से नाराज वाहन मालिकों ने विरोध स्वरूप अपने डंपर खड़े कर दिए, जिससे परिवहन कार्य प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई है।


डंपर मालिकों का दावा है कि संबंधित औद्योगिक इकाइयों से ट्रांसपोर्ट कंपनियों को समय पर भुगतान मिल जाता है, लेकिन वाहन मालिकों तक राशि निर्धारित अवधि में नहीं पहुंचती। उनका कहना है कि तत्काल भुगतान के लिए कथित रूप से निर्धारित प्रतिशत की कटौती स्वीकार करने का दबाव बनाया जाता है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। समाचार प्रकाशित होने तक जिन ट्रांसपोर्ट कंपनियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
वाहन मालिकों और चालकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया भुगतान शीघ्र कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।