बरामद मोबाइल जब उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए तो लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई लोगों ने बताया कि मोबाइल खोने के बाद उन्हें नया फोन खरीदना पड़ा था, लेकिन पुराने मोबाइल में उनकी अनमोल यादें, पारिवारिक तस्वीरें और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित थे। मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने इसे किसी कीमती धरोहर के लौट आने जैसा बताया। मोबाइल धारकों ने पाकुड़ पुलिस के इस प्रयास की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से पुलिस के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। उनका कहना था कि आमतौर पर लोगों को लगता है कि खोया हुआ मोबाइल वापस मिलना लगभग असंभव है, लेकिन पाकुड़ पुलिस ने अपनी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से इस धारणा को बदल दिया।

अभियान की सफलता में पाकुड़ पुलिस की तकनीकी शाखा और सीसीटीएनएस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के मार्गदर्शन में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनुप रोशन भेगरा, मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत सभी संबंधित थाना पुलिस और तकनीकी टीम ने लगातार प्रयास कर मोबाइल फोन ट्रैक किए और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक सफलतापूर्वक पहुंचाया।

