बेरमो क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा विभाग ने संयुक्त छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है।
सीएल बीएंडके क्षेत्र के महाप्रबंधक एस.के. झा के मार्गदर्शन में कारो स्थित नई खुली खदान के पास चलाए गए अभियान में 100.80 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। साथ ही कोयला ढुलाई और चोरी में इस्तेमाल की जा रही सैकड़ों मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जब्त कोयला आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। केंद्रीय कोयला मंत्री और सीआईएसएफ स्तर पर इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने साफ किया कि अवैध खन और कोयला चोरी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है और आने वाले दिनों में ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।
