उत्तर प्रदेश के देवरिया से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली तस्वीर सामने आई है। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने पांडेचक बरनई स्थित श्री विजय राघव संस्कृत महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलेज के तीनों कमरों में एक भी छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं मिला। हैरानी की बात यह रही कि एक कर्मचारी कुर्सी पर पैर रखकर गहरी नींद में सोता मिला।

जांच टीम ने उसका वीडियो भी बनाया, लेकिन उसकी नींद नहीं टूटी। सीडीओ ने पाया कि पूरा महाविद्यालय केवल तीन कमरों में संचालित हो रहा है। इसके बाद संस्थान की मान्यता, संचालन और सरकारी अनुदान के उपयोग की जांच के आदेश दिए गए हैं। सीडीओ ने साफ कहा कि यदि जांच में किसी भी तरह की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

