केरेडारी/बड़कागांव। हजारीबाग जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार तड़के बड़कागांव थाना क्षेत्र के टीपी-5 ट्रांसपोर्टिंग रोड स्थित बुड़ना घाटी में पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने टीम के साथ जंगल में सर्च अभियान चलाया। घिरते

देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी सय्यद मोहम्मद जिशान के पैर में गोली लगी। उसे हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर शहीद रजा, अमित कुमार और अभिषेक कुमार भी टीम में शामिल थे। फायरिंग के बाद दो अपराधी घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। एसपी अमन कुमार सुबह 7:30 बजे घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। क्षेत्र में सघन तलाशी और छापेमारी जारी है।

