विनोबा भावे विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की वार्षिक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां केवल आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि पूरे वर्ष संचालित हों और विश्वविद्यालय खेलों में नई पहचान बनाए। बैठक में वर्ष 2026-27 की खेल गतिविधियों के लिए ₹1 करोड़ 9 लाख के बजट को मंजूरी दी गई।

साथ ही पीटीआई की नियुक्ति, खिलाड़ियों के साथ फिजियोथेरेपिस्ट भेजने और दैनिक भत्ते में आंशिक बढ़ोतरी के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली। कुलपति ने चतरा के तीनों महाविद्यालयों के लिए संयुक्त स्पोर्ट्स हब विकसित करने, छात्राओं की खेलों में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और हॉकी को विशेष बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में लगभग 55 महाविद्यालयों के प्राचार्य और खेल अधिकारी शामिल हुए।

