नेपाल के सुनसारी जिले में दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। जानकारी के अनुसार, अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा।

इस दौरान हुई फायरिंग में 24 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता की मौत हो गई, जबकि सुरक्षाकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद प्रशासन ने सुनसारी के पांच बाजार क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन पाबंदियां लागू कर दी हैं। प्रभावित इलाकों में चार से अधिक लोगों के एकत्र होने, प्रदर्शन और सार्वजनिक सभाओं पर रोक लगा दी गई है। सुनसारी जिला भारत के बिहार से सटा महत्वपूर्ण सीमावर्ती इलाका है, इसलिए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।

