डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) कोयला लोडिंग में मशीनों के उपयोग के विरोध में सोमवार को अंडाल के ईसीएल सिदुली साइडिंग में स्थानीय युवकों और श्रमिकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पहले यह कार्य श्रमिकों के माध्यम से कराया जाता था, लेकिन अब मशीनों से लोडिंग होने के कारण दर्जनों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने मशीनों से लोडिंग कार्य बंद कर मानव श्रमिकों के माध्यम से पुनः लोडिंग शुरू करने की मांग की। स्थिति को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए उखड़ा फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर नजर रखी। प्रदर्शनकारी श्रमिको ने बताया कि वह पिछले 10 से 12 वर्षों से करीब 40 अन्य श्रमिकों

के साथ डीओ कोयला लोडिंग का कार्य कर रहे थे। अचानक मशीनों से लोडिंग शुरू होने के बाद सभी की रोजी-रोटी छिन गई है, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट में आ गए हैं। श्रमिकों ने मांग की कि ईसीएल प्रबंधन उनके साथ वार्ता कर उन्हें पुनः काम पर बहाल करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन धरना और अनशन भी किया जाएगा। खबर लिखे जाने तक इस मामले में ईसीएल प्रबंधन अथवा डीओ कोयला लोडिंग के टेंडर धारक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

