नैनीताल में भारी बारिश से भूस्खलन, सड़क की दीवार ढही, बड़ा हादसा टला |

नैनीताल में भारी बारिश से भूस्खलन, सड़क की दीवार ढही, बड़ा हादसा टला |

उत्तराखंड के नैनीताल में लगातार हो रही बारिश के बीच देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज बारिश के कारण धूप कोठी इलाके में सड़क की सुरक्षा दीवार ढह गई, जिससे भारी बोल्डर और मलबा रिहायशी क्षेत्र तक पहुंच गया। मंगलवार देर रात करीब 10:30 बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद आधी रात के आसपास जोरदार भूस्खलन हुआ।

सड़क की सुरक्षा दीवार टूटने से बड़े-बड़े पत्थर नीचे बने घरों की छतों तक जा पहुंचे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के दौरान कुछ युवकों ने रास्ते से पत्थर हटाकर आवागमन बहाल कराया। फिलहाल लगातार बारिश के कारण इलाके में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा दीवार की जल्द मरम्मत और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।