हजारीबाग के सरकारी बस स्टैंड का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। नगर निगम ने इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडल परिवहन केंद्र बनाने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं।
गुरुवार को महापौर अरविंद कुमार राणा और नगर आयुक्त ने बस स्टैंड का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और खाली पड़ी जमीन का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड के समग्र विकास की योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि यहां प्रतिदिन हजारों यात्री आते हैं, इसलिए बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खाली पड़ी जमीन पर योजनाबद्ध तरीके से दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और नगर निगम की आय बढ़ेगी। अधिकारियों को जल्द विस्तृत योजना तैयार कर विकास कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

