हजारीबाग में युवा कांग्रेस का ‘गूंज’ कार्यक्रम, मुन्ना सिंह ने शिक्षा और युवाओं के अधिकारों पर उठाई आवाज हजारीबाग के अंबेडकर छात्रावास में युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘गूंज’ कार्यक्रम में पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान शिक्षा, संविधान, सामाजिक न्याय, रोजगार और युवाओं की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। अपने संबोधन में मुन्ना सिंह ने कहा कि देश का युवा पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, बेहतर शिक्षा और रोजगार की मांग कर रहा है।

उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन, राहुल गांधी द्वारा उठाए गए छात्र हितों के मुद्दों और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी उल्लेख किया। मुन्ना सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध और संवाद ही समस्याओं का समाधान है तथा युवाओं को संविधान के मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

