NEET पेपर लीक को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन अब संसद तक पहुंच गया है। एक तरफ दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं, तो दूसरी ओर संसद में भी इस मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है, लेकिन इस मुद्दे पर विपक्ष के भीतर ही मतभेद खुलकर सामने आ गए।

लोकसभा में कार्यवाही के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल के बीच तीखी बहस हुई। अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी और कांग्रेस को बोलने का मौका दिया गया, लेकिन उनकी पार्टी की अनदेखी की गई। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत है। इस बीच, कांग्रेस, सपा और टीएमसी के सांसदों ने काले कपड़े पहनकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया और छात्र हितों की रक्षा के लिए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

