हजारीबाग। विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपने जनसेवा कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता पर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने सभी BLO को निर्देश दिया कि वे अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन गंभीरता और निष्पक्षता से करें। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियम अनुसार हटाए जाएं।

उन्होंने नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने और दस्तावेजों का समयबद्ध संधारण करने पर जोर दिया। प्रदीप प्रसाद ने कहा कि शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची ही लोकतंत्र की सुदृढ़ता का आधार है।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुदेश चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष कुणाल दुबे, वरिष्ठ नेता वीरेंद्र ओझा, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

