हजारीबाग। समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स, सड़क सुरक्षा और नार्को कोऑर्डिनेशन समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एसपी अमन कुमार, अपर समाहर्ता छोटन महेंद्र उरांव, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय और बरही एसडीओ जोहन टुडू उपस्थित थे।
उपायुक्त ने अवैध खन एवं परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने और सभी चेक पोस्टों से प्रतिदिन कार्रवाई रिपोर्ट मांगी। वन क्षेत्रों में अवैध कोयला उत्खन पर नाराजगी जताते हुए 25 अगस्त तक अवैध खदान मुहाने ध्वस्त करने और अवैध ईंट भट्ठों को बंद कराने का निर्देश दिया।

सड़क सुरक्षा बैठक में बरही-चौपारण मार्ग पर हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए एनएचएआई को मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। गोरहर और बरही में एंबुलेंस सक्रिय रखने और हजारीबाग-विष्णुगढ़ मार्ग पर सूखे पेड़ हटाने के निर्देश दिए।
NCORD बैठक में डीसी ने मेडिकल कॉलेज में नशा मुक्ति केंद्र बनाने, स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने और नशा कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

