पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। गोविंदपुर रेल गेट के पास स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक वैन तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई। इस भीषण टक्कर में दो मासूम बच्चों और एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, हादसा कटवा–अजीमगंज रेलखंड पर गेट नंबर 24A/2 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोला गया,

जिसके बाद स्कूल वैन पटरी पर पहुंची। तभी दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय वैन में कुल 8 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

