कांग्रेस ने साफ किया है कि संसद के आगामी मानसून सत्र में सरकार द्वारा लाए जाने वाले कई प्रमुख विधेयकों का वह पुरजोर विरोध करेगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी रणनीतिक बैठक में प्रस्तावित विधेयकों पर चर्चा की और विपक्षी दलों के साथ मिलकर उनका विरोध करने का फैसला लिया है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस परिसीमन विधेयक, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’, न्यायाधीशों को हटाने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक, विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, एफसीआरए संशोधन विधेयक और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों का भी विरोध करेगी। जयराम रमेश ने कहा कि सरकार के मौजूदा विधायी एजेंडे में ऐसा कोई विधेयक नहीं दिखता, जिसका कांग्रेस समर्थन कर सके। पार्टी संसद के भीतर और बाहर इन मुद्दों पर मजबूती से अपनी आवाज उठाएगी।

