झारखंड में मानसून का जोर, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी |

झारखंड में मानसून का जोर, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी |

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड में साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। सबसे अधिक 34 मिमी बारिश सिमडेगा में दर्ज की गई, जबकि मेदिनीनगर में 21 मिमी और रांची में 14 मिमी वर्षा हुई।

बारिश के कारण राजधानी रांची के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 16 जुलाई को रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 17 जुलाई को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा 18 जुलाई को इन जिलों के साथ गुमला और सिमडेगा में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को वज्रपात और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।