हजारीबाग में भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 16 जुलाई को इस्कॉन हजारीबाग से शुरू होने वाली रथयात्रा को यादगार बनाने के लिए भक्त दिन-रात जुटे हैं। इस बार यात्रा का प्रमुख आकर्षण 40 फीट ऊंचा विशाल रथ होगा, जिसे आईआईटी से जुड़े भक्त आधुनिक तकनीक से तैयार कर रहे हैं। 15 जुलाई को भगवान अज्ञातवास से बाहर आकर भक्तों को नेत्र दर्शन देंगे।

इसके बाद 16 जुलाई सुबह 10:30 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। रथ इस्कॉन से एसपी कोठी, डिस्ट्रिक्ट बोर्ड, पुराना बस स्टैंड, पीडब्ल्यूडी चौक होते हुए डीवीसी मैदान पहुंचेगा। सुबह 11 बजे विशेष पहांडी दर्शन होगा। कोलकाता-हल्दिया से कुमार लीला प्रभु की टीम हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेगी। सुबह 10 से रात 10 बजे तक महाप्रसाद वितरण, प्रसाद काउंटर और आध्यात्मिक क्विज भी होंगे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

