पश्चिम बंगाल सरकार की पहल पर मंगलवार से राज्यभर में ‘अरण्य सप्ताह’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जामुड़िया के श्रीपुर स्थित गुंजन पार्क में उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और व्यापक वृक्षारोपण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नावलम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। अभियान के तहत अगले एक सप्ताह तक वन विभाग की विशेष मोबाइल वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों

का भ्रमण करेगी तथा आम नागरिकों के बीच निःशुल्क पौधों का वितरण करेगी। इस पहल का उद्देश्य अधिकाधिक लोगों को हरित अभियान से जोड़ना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है। विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम विकसित करने पर बल देते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका पालन-पोषण और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा, “पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी हमारा भविष्य भी सुरक्षित रहेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की खाली पड़ी भूमि पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण की योजना को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में हरित आवरण को और अधिक बढ़ाया जा सके।

