ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्रीय कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शिविर में क्षेत्र के कर्मियों को फाइलेरिया रोग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बचाव हेतु आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया। बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र से आए चिकित्सकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कर्मियों ने फाइलेरिया के कारण, लक्षण, दुष्प्रभाव तथा बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी और सभी उपस्थित कर्मियों को निर्धारित

दवाएं उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि फाइलेरिया मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार व्यापक स्तर पर अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के अंतर्गत ईसीएल का चिकित्सा विभाग भी क्षेत्र में लगातार जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को इस बीमारी के प्रति सचेत कर रहा है। उन्होंने सभी कर्मियों से इस जनस्वास्थ्य अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूनम चौधरी ने फाइलेरिया के लक्षण, उपचार और रोकथाम के उपायों की विस्तार से जानकारी देते हुए समय पर दवा सेवन और जनजागरूकता को इस बीमारी के उन्मूलन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।

