हजारीबाग। पबरा पंचायत में ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुखिया सोनी कुमारी के नेतृत्व में लगातार पहल की जा रही है। पंचायत में नियमित रूप से ग्राम सभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँच सके। मुखिया सोनी कुमारी ने बताया कि पंचायत की प्राथमिकता ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को गति देना है। ग्राम सभाओं के दौरान ग्रामीण अपनी समस्याएँ और सुझाव खुलकर रख रहे हैं, जिनके आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पंचायत पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पंचायत में मुख्यमंत्री सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की भी जानकारी दी जा रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। मुखिया प्रतिनिधि रंजीत कुमार रजक ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गाँव-गाँव जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर रहे हैं तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने की अपील की।

