धनबाद: रोटरी क्लब ऑफ धनबाद द्वारा भव्य स्तर पर 80वें चेंज ओवर डे और डिस्ट्रिक्ट 3250 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटरी अभिनंदन समारोह का सफल आयोजन किया गया। वेडलॉक ग्रीन होटल्स एंड रिसॉर्ट्स में आयोजित इस ऐतिहासिक व गरिमामयी कार्यक्रम में 500 से अधिक रोटेरियन और गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की, जो क्लब की सेवा यात्रा में एक नया मील का पत्थर है।
इस भव्य समारोह के मुख्य अतिथि रोटरी इंटरनेशनल (सत्र 2026-27) के माननीय वाइस प्रेसिडेंट आरटीएन. एकेएस इंजि. मुरुगनंदनम एम.ए. थे। तिरुचिरापल्ली (त्रिची), तमिलनाडु के एक प्रतिष्ठित उद्यमी और प्रसिद्ध परोपकारी के रूप में पहचान रखने वाले मुरुगनंदनम की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसके साथ ही, समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरटीएन. अनु नारंग का भी पूरे आदर के साथ विशेष अभिनंदन किया गया।

रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 के अंतर्गत आने वाले बिहार और झारखंड राज्यों के 65 से अधिक रोटरी क्लबों के सक्रिय सदस्यों ने इस अभिनंदन समारोह में हिस्सा लेकर अपनी मजबूत एकजुटता और रोटरी भावना का प्रदर्शन किया।
मुख्य आकर्षण सत्र 2026-27 के लिए नई नेतृत्व टीम का आधिकारिक पदभार ग्रहण समारोह रहा। आरटीएन. कनव दत्त बाली ने नए अध्यक्ष (President) के रूप में और आरटीएन. राघव आर्य ने नए सचिव (Secretary) के रूप में पूरी ऊर्जा के साथ अपना कार्यभार संभाला। इसके साथ ही रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के नव-निर्वाचित बोर्ड के सम्मानित सदस्यों का भी परिचय कराकर उन्हें पद की शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों ने “सर्विस एबव सेल्फ” (स्वयं से ऊपर सेवा) के मूल संकल्प के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने का दृढ़ संकल्प लिया।
प्रस्तुत है सहयोगी संदीप दत्ता के साथ पंकज सिंहा की रिपोर्ट धनबाद से।

