इचाक के चंदा स्थित आरएम प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद और समाज सेवी स्व. रामेश्वर महतो की 12वीं पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इसके बाद विद्यालय सभागार में स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के तत्वावधान में गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति चंद्रभूषण शर्मा ने कहा कि रामेश्वर महतो ने क्षेत्र में शिक्षा का दीप जलाकर समाज को नई दिशा दी। उनके प्रयासों से इस विद्यालय के छात्र आज देश-दुनिया में नाम कर रहे हैं।

पूर्व सांसद भुनेश्वर मेहता ने कहा कि स्व. महतो ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सूत्रधार बटेश्वर मेहता ने इचाक में डिग्री कॉलेज खोलने का संकल्प दोहराया। इस दौरान नेशनल आर्म रेस्लिंग चैंपियन निशांत राणा को सम्मानित किया गया।

