पूर्व प्राचार्या स्नेह लता प्रसाद को श्रद्धांजलि, मुन्ना सिंह ने शोकाकुल परिवार से की मुलाकात
हज़ारीबाग के प्रोफेसर कॉलोनी में शुक्रवार को हज़ारीबाग टीचर ट्रेनिंग कॉलेज की पूर्व प्राचार्या स्वर्गीय श्रीमती स्नेह लता प्रसाद के द्वादश संस्कार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह शामिल हुए और दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुन्ना सिंह ने अपने बचपन के मित्र एवं आईआरएस अधिकारी सत्यम प्रकाश के परिवार से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय स्नेह लता प्रसाद ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुशासन, उत्कृष्ट नेतृत्व और समर्पण से अनेक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और शिक्षा के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में परिजन, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे तथा सभी ने स्वर्गीय स्नेह लता प्रसाद के शिक्षा और समाज के प्रति योगदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

