पाकुड़ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं और आवासीय विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में लिट्टीपाड़ा के कुंजबोना, हिरणपुर और डुमरचीर आवासीय विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने विद्यालयों में बिजली, सोलर लाइट, हाईमास्ट लाइट, फुटबॉल मैदान, बंक बेड, रसोईघर, शौचालय,

डाइनिंग हॉल, बाउंड्री वॉल, आरओ पेयजल प्रणाली, इनवर्टर और बेंच-डेस्क जैसी आवश्यक सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी आवासीय विद्यालयों को मॉडल संस्थान के रूप में विकसित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कल्याण विभाग और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

