दिल्ली-एनसीआर में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के कई इलाकों में सड़कों और गलियों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रात 2:30 बजे से सुबह 5:30 बजे के बीच केवल तीन घंटे में 34.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना

जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश के बाद मुनिरका, पीतमपुरा, शालीमार बाग, साहिबाबाद और नोएडा के कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। हालात को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने 9 जुलाई को कक्षा 1 से 12वीं तक सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

