मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AIX1547 लैंडिंग के बाद अभी रनवे से पूरी तरह बाहर नहीं निकली थी। इसी दौरान दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 उसी रनवे से टेकऑफ की तैयारी कर रही थी।

स्थिति को भांपते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC ने तुरंत हस्तक्षेप किया और एयर इंडिया के विमान को उड़ान भरने से रोक दिया। ATC के निर्देश मिलते ही पायलट ने टेकऑफ प्रक्रिया रद्द कर विमान को वापस बे में ले जाकर खड़ा कर दिया। एयर इंडिया ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चालक दल ने ATC के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया। समय रहते हुई इस कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

