हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने सांसद खेल महोत्सव-2026 के तहत आयोजित होने वाले नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान वे शहर के न्यू एरिया स्थित स्टिचिंग यूनिट पहुंचे, जहां टूर्नामेंट के लिए तैयार की जा रही नमो जर्सियों की प्रिंटिंग और सिलाई कार्य का निरीक्षण किया। सांसद ने स्थानीय महिला कारीगरों से बातचीत कर उनके कार्य की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” अभियान के तहत जर्सी निर्माण का कार्य स्थानीय यूनिट को सौंपा गया है, जिससे महिलाओं को रोजगार मिलने के साथ स्थानीय उद्योग को भी बढ़ावा मिल रहा है। सांसद ने कहा कि नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।

