हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड मुख्यालय में आज भूमि अधिकार एवं सामाजिक न्याय समिति, पताल के बैनर तले विशाल जनधरना आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे अंचल कार्यालय के समक्ष होने वाले इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में जल-जंगल-जमीन, भूमि अधिकार, पर्यावरण, शिक्षा और विकास से जुड़े लंबित मुद्दों को उठाया जाएगा। प्रदर्शन के बाद भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव के नाम अंचलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में बुंडू और पताल ईस्ट कोल ब्लॉक को रद्द करना, वन एवं सरकारी भूमि की कथित अवैध बंदोबस्ती की जांच, भूमि अभिलेखों में सुधार, हेंदेगीर उच्च विद्यालय से पुलिस कैंप हटाकर पढ़ाई शुरू कराना, किचटो पंचायत को फिर से केरेडारी प्रखंड में शामिल करना तथा सभी पंचायतों को विकास योजनाओं में समान भागीदारी सुनिश्चित करना शामिल है। समिति ने क्षेत्र के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

