झारखंड के कथित शराब घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने मंगलवार को पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। रांची स्थित ईडी कार्यालय में आबकारी नीति, शराब कारोबार से जुड़े फैसलों और वित्तीय पहलुओं पर उनसे सवाल किए गए।

अधिकारियों ने उनके बयान दर्ज किए और कई जवाब लिखित रूप में भी लिए। इससे एक दिन पहले उनके बेटे रोहित उरांव से बैंक खातों, आयकर रिटर्न, संपत्तियों और कथित वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ हुई थी। इससे पहले ईडी शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी अब दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। जरूरत पड़ने पर रोहित उरांव समेत अन्य संबंधित लोगों को दोबारा भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

