पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सभागार में सड़क सुरक्षा, सड़क दुर्घटना प्रबंधन और मोटर वाहन अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान वाहन जांच, चालान प्रक्रिया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

साथ ही हिट एंड रन मामलों में पात्र लोगों तक सरकारी मुआवजा समय पर पहुंचाने और सड़क दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। ड्रंक एंड ड्राइव अभियान को और प्रभावी बनाने, ब्रीथ एनालाइजर के सही उपयोग तथा मालवाहक वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।

