सदर प्रखंड के जानकीनगर में बने एक सरकारी भवन को लेकर विवाद गहरा गया है। एनडीए के पूर्व प्रत्याशी अज़हर इस्लाम ने भवन निर्माण पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि ग्रामीणों को वर्षों तक बताया गया कि यहां विवाह भवन बनाया जा रहा है, जबकि डीएमएफटी फंड से करीब 99.37 लाख रुपये की लागत से इसे कौशल विकास केंद्र के रूप में बनाया गया।

अज़हर का दावा है कि यह भवन ग्रामीणों के पूर्वजों की निजी जमीन पर बना है और निर्माण से पहले न तो ग्राम सभा की जानकारी दी गई और न ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया सार्वजनिक की गई। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्पष्ट किया जाए कि क्या ग्राम सभा आयोजित हुई थी और यदि भूमि निजी थी, तो उसका हस्तांतरण या अधिग्रहण किस प्रक्रिया के तहत किया गया।

