हजारीबाग के विनोबा भावे विश्वविद्यालय में आयोजित सहकारिता सम्मेलन 2026 के समापन समारोह में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में चयनित किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किए गए, जबकि

बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट्स को POS मशीनें भी सौंपी गईं। इसके अलावा मत्स्य सहयोग समितियों को एफआरपी बोट, कार्यालय शेड और अन्य परिसंपत्तियां प्रदान की गईं। सम्मेलन में उत्कृष्ट पैक्स समितियों को सम्मानित किया गया और वनोपज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के उपयोग पर विशेष प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में सहकारी समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

