हजारीबाग में सांसद मनीष जायसवाल के सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान ने एक साल का सफर पूरा कर लिया है। अभियान के तहत अब तक 71 जत्थों में करीब पांच हजार बुजुर्ग तीर्थ यात्रा कर चुके हैं। सोमवार को 72वां जत्था सदर प्रखंड के सिलवार कला पंचायत से उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध चार धाम की यात्रा के लिए रवाना हुआ।

इस मौके पर सांसद मनीष जायसवाल, भाजपा जिला संगठन प्रभारी किसुन दास और बड़ा अखाड़ा के महंत विजयानंद दास ने तीर्थ यात्रियों के चरण पखारकर और पुष्पवर्षा कर उन्हें विदाई दी। सांसद ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को बढ़ावा देना है। वहीं महंत विजयानंद दास ने सामाजिक समरसता और संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद सभी नेता सिलवार स्थित जगन्नाथ धाम में आयोजित महायज्ञ के नगर भ्रमण में भी शामिल हुए।

