वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात PAC जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। घटना सुबह करीब 6:44 बजे की बताई जा रही है। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जवान कार्बाइन लेकर आगे बढ़ता दिख रहा है और तभी अचानक फायर हो जाता है।

गोली जमीन पर लगी, लेकिन उसके छर्रे पास की फूल-माला की दुकान पर काम कर रहे तीन लोगों को जा लगे। घायलों में एक के हाथ, एक की टांग और एक की कमर में चोट आई है। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गोली चलाने वाले PAC जवान की पहचान 48वीं बटालियन के अमरनाथ चौहान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह एक्सीडेंटल फायर था। मामले की जांच जारी है और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घायलों से भी मुलाकात की।

