भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान शुक्रवार को बिलौटी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भरत तिवारी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनकी मां से मिलकर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। चिराग ने कहा कि यदि जांच में कोई भी पुलिस अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने दोहराया कि यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण किया था, तो कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी और किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस मामले पर उनकी मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी चर्चा हो चुकी है। गौरतलब है कि 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में घायल भरत तिवारी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताया था।

