उपायुक्त हेमंत सती ने SIR अभियान का किया निरीक्षण |

उपायुक्त हेमंत सती ने SIR अभियान का किया निरीक्षण |

हजारीबाग के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ से गणना प्रपत्रों के वितरण और उन्हें भरवाने की स्थिति की जानकारी ली तथा भरे जा रहे प्रपत्रों की प्रविष्टियों का गहन परीक्षण किया। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए सभी कार्य पूरी गंभीरता, शुद्धता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

उन्होंने कटकमदाग प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, कूद और राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिरसी स्थित मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए सभी प्रपत्रों का समय पर संकलन और सत्यापन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।