पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया क्षेत्र में बुधवार को उस समय राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई, जब कोयला श्रमिक नेता एवं पूर्व तृणमूल विधायक हरेराम सिंह के पुत्र प्रेमपाल सिंह के बहुला स्थित कार्यालय पर पुलिस ने अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक तथा प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। जानकारी के अनुसार, जामुड़िया थाना पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ कार्यालय को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान रानीगंज-जामुड़िया जोन के सर्कल इंस्पेक्टर मानस दास, अंडाल थाना प्रभारी गोपाल पात्रो, बनबहाल फांड़ी के प्रभारी सिरसेंदु दास सहित कई थानों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।

हालांकि पुलिस ने अब तक इस कार्रवाई के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार, किसी मामले में मिले महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर यह अभियान चलाया गया। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस की आधिकारिक जानकारी और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

