डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ को डीडीसी ने दिखाई हरी झंडी |

डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ को डीडीसी ने दिखाई हरी झंडी |

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, विशेष कार्य पदाधिकारी अमित कुमार एवं जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह अभियान किसानों तक कृषि, पशुपालन एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों तक डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगा।

इस दौरान किसान संगोष्ठियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी, पशुपालन, डेयरी विकास तथा अन्य विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान के दौरान किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवेदन संबंधी जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन तथा कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कृषि कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान प्रत्येक पंचायत में अधिकाधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराते हुए किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सके।