हजारीबाग पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर ने किया, जिसमें यातायात थाना प्रभारी, चार पुलिस पदाधिकारी और आठ गृह रक्षकों की टीम शामिल रही। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 64 चालान, ट्रिपल राइडिंग के 25, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने पर 2 और नो-पार्किंग में खड़े 66 ऑटो, टोटो एवं अन्य वाहनों का चालान काटा गया। कुल 157 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

