पाकुड़ के नगर थाना क्षेत्र स्थित चक बलरामपुर (हीरानंदनपुर) में रहने वाले घुमंतु समुदाय के दर्जनों परिवार सोमवार को जिला सचिवालय पहुंचे और जिला प्रशासन को आवेदन सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई। पीड़ितों का आरोप है कि वे पिछले तीन पीढ़ियों से यहां अस्थायी रूप से रह रहे हैं, लेकिन पिछले एक महीने से पुलिस उन्हें जगह खाली करने का दबाव बना रही है। परिवारों का कहना है कि पुलिसकर्मी उनकी झोपड़ियां हटाने और घरेलू सामान बिखेरने की धमकी दे रहे हैं,

साथ ही एक महीने के भीतर बांग्लादेश चले जाने की बात भी कह रहे हैं। समुदाय के लोगों ने बताया कि वे जड़ी-बूटी बेचकर और भीख मांगकर जीवनयापन करते हैं। वहीं, बिना दस्तावेज इनके आधार और मतदाता पहचान पत्र बनने का मामला भी सामने आया है, जिसे प्रशासनिक जांच का विषय माना जा रहा है। फिलहाल जिला प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

