पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर पानागढ़ में सोमवार को अवैध बालू खनन एवं तस्करी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेना छावनी के गेट नंबर-1 के सामने प्रदर्शन करते हुए 10 से अधिक बालू लदे ट्रक एवं डम्परों को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान एक बालू कारोबारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि दामोदर नदी से लंबे समय से मशीनों के जरिए अवैध रूप से बालू का खनन किया जा रहा है और फर्जी चालान के माध्यम से इसकी तस्करी की जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर भाजपा कार्यकर्ता सोमवार सुबह से ही पानागढ़ सैन्य छावनी के गेट नंबर-1 और गेट नंबर-5 के समीप निगरानी कर रहे थे। जैसे ही बालू से लदे वाहन वहां पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोककर दस्तावेजों

की जांच की। भाजपा का दावा है कि वाहनों के चालान में गंतव्य कोलकाता दर्शाया गया था, जबकि वाहन बुदबुद की ओर जा रहे थे। इसके अलावा सभी वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बालू लादे जाने का भी आरोप लगाया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मानसून के दौरान बालू खनन पर प्रतिबंध लागू रहता है, इसके बावजूद वाहनों से पानी टपकने के कारण उन्हें संदेह हुआ कि रात के अंधेरे में दामोदर नदी से ताजा बालू निकालकर उसकी अवैध ढुलाई की जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही बुदबुद थाना पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए एक बालू कारोबारी को हिरासत में लिया तथा 10 से अधिक बालू लदे वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही

