हजारीबाग में संत कबीर साहब का 628वां प्रकट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कबीरपंथी श्रद्धालु शामिल हुए और भजन-कीर्तन के साथ कबीर साहब के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया। हजारीबाग के डिस्ट्रिक्ट मोड़ स्थित धरना स्थल के समीप संत कबीर साहब का 628वां प्रकट महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारीबाग जिले के विभिन्न गांवों से सैकड़ों कबीरपंथी श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं के बीच मीठा शरबत और हलुआ का वितरण किया गया।

लोहरदगा और रांची से आए संतों ने कबीर भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, ओडिशा से पधारे कबीर चौरा मठ के महंत जगदीश दास ने अपने प्रवचन में प्रेम, भाईचारे और सद्गुरु कबीर की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सद्भाव केवल प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने से ही संभव है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय कबीरपंथी समाज और महिला मंडल के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

