रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने आंध्र प्रदेश के तिरुमला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने परंपरा के अनुसार मुंडन कर अपने बाल भगवान को अर्पित किए और मंदिर प्रशासन के लिए बड़ा योगदान भी घोषित किया। रविवार को अनंत अंबानी ने तिरुमला श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में सुप्रभात सेवा में भाग लेकर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए। धार्मिक परंपरा का पालन करते हुए उन्होंने मुंडन कर अपने बाल भगवान को अर्पित किए।

दर्शन के बाद मंदिर परिसर के रंगनायकुला मंडपम में वैदिक विद्वानों ने उन्हें वेद आशीर्वादम प्रदान किया, जबकि तिरुमला तिरुपति देवस्थानम यानी टीटीडी के अधिकारियों ने श्रीवारी तीर्थ प्रसादम और रेशमी शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर अनंत अंबानी ने टीटीडी को 27.5 करोड़ रुपये की लागत से 25 इलेक्ट्रिक बसें दान करने की घोषणा की। साथ ही इन बसों के 50 ड्राइवरों का वेतन, भत्ते और ईवी चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था का खर्च भी रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा उठाए जाने की बात कही गई

